
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। नगर निगम प्रांगण में कल रविवार, 1 मार्च को रंगोत्सव (होली मिलन समारोह) का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से अंतिम चरण में हैं।
नगर निगम महापौर दीपक बाली ने शनिवार दोपहर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि काशीपुर के इतिहास में यह पहला अवसर होगा, जब कोई मुख्यमंत्री आम जनता के बीच लंबे समय तक मौजूद रहकर होली मिलन समारोह में सहभागिता करेंगे।

मीडिया से बातचीत में महापौर ने जानकारी दी कि रंगोत्सव कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक-संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। प्रसिद्ध लोक गायक इंद्र आर्या, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी और पूर्वांचल के गायक आलोक कुमार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही ब्रज के रास कलाकार फूलों की होली की मनोहारी प्रस्तुति देंगे।

महापौर ने शहरवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बनाएं। निजी तौर पर आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां कई दिनों से चल रही हैं और पहली बार मुख्यमंत्री के साथ होली खेलने को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
