होलिया में उड़त गुलाल: ‘रंग-तरंग’ संगीत संध्या में झूम उठा काशीपुर, फूलों की होली बनी आकर्षण

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के प्रेक्षागृह परिसर में भारती नवचेतना सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में आयोजित होली विशेष कार्यक्रम “रंग-तरंग” संगीत संध्या रंगों, सुरों और उल्लास से सराबोर रही। कार्यक्रम में दर्शक देर रात तक होली के गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर झूमते नजर आए, जबकि फूलों की होली आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर निगम महापौर दीपक बाली, कार्यक्रम अध्यक्ष विधायक त्रिलोक सिंह चीमा तथा विशिष्ट अतिथि अनुपम शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कलाकारों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

संगीत संध्या में नवचेतना मंच के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत शीर्षक गीत “नव रूप नवरंग नव कल्पना” के साथ रंगारंग प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसने श्रोताओं को बांधे रखा।
समिति की उपाध्यक्षा व गायिका गीतिका पंत अरोड़ा ने फिल्मी गीतों की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, वहीं महापौर दीपक बाली ने “चलते-चलते मेरे ये गीत याद रखना, कभी अलविदा ना कहना” गाकर खूब वाहवाही लूटी।

कार्यक्रम में अपूर्व पंत, संकल्प गुड़िया, अतुल अग्रवाल, कुमकुम नागर, मौ रिजवान सहित अनेक कलाकारों ने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। सामूहिक गीतों और होली गीतों की श्रृंखला ने पूरे सभागार को उत्सवमय बना दिया।
नृत्य प्रस्तुतियों में आयुषी गुप्ता, रिया प्रजापति तथा आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं के सामूहिक नृत्य को दर्शकों ने खूब सराहा। हास्य शायरी और काव्य पाठ ने कार्यक्रम में अलग रंग भर दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने स्थानीय प्रतिभाओं की सराहना करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। अंत में समिति अध्यक्ष अपूर्व मेहरोत्रा ने सभी अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्योगपति और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!