
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। होली पर्व के अवसर पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटोराताल पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। त्योहार के दौरान शराब के नशे में धुत होकर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और अशांति फैलाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगातार गश्त के दौरान ऐसे कई व्यक्तियों को चिन्हित किया जो नशे की हालत में राहगीरों को परेशान कर रहे थे और माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। मौके पर ही उन्हें रोककर कड़ी फटकार लगाई गई तथा भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी गई। इसके साथ ही संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई भी की गई।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों की खुशियों में किसी भी प्रकार का हुड़दंग, अभद्रता या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि सभी लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में होली का आनंद ले सकें।
