
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। महिला पतंजलि योग समिति, उधम सिंह नगर (पश्चिम) द्वारा परम पूज्य बाबा रामदेव जी महाराज के आशीर्वाद से 8 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर आर.के. हॉस्पिटल के समीप स्थित रोटरी क्लब काशीपुर में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, बालिकाओं और योग साधिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि इनरव्हील क्लब काशीपुर की प्रेजिडेंट श्रीमती दीपिका गुड़िया जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मेयर श्रीमती ऊषा चौधरी जी एवं श्रीमती स्नेहलता अग्रवाल जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह का मुख्य उद्देश्य मातृशक्ति को सम्मान प्रदान करना, महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना तथा योग और संस्कारों के माध्यम से समाज में सकारात्मक चेतना का प्रसार करना रहा। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
इस दौरान बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता ने सभी का मन मोह लिया, वहीं काशीपुर और बाजपुर की टीमों के बीच आयोजित कठिन आसन प्रतियोगिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। भजन मंडली कीर्तन चल-चित्र प्रतियोगिता में पशुपति बिहार, एकता बिहार और राजपुरम कॉलोनी की टीमों ने शानदार प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
महिला सशक्तीकरण विषय पर बहनों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज और परिवार में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही योग के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण पर भी विशेष चर्चा की गई, जिससे उपस्थित महिलाओं को व्यावहारिक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर एक संघर्षशील एवं प्रेरणादायी महिला को, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में अपने बच्चों का पालन-पोषण एवं शिक्षण किया, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सात सहायक महिला योग शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा बाजपुर टीम को गुरु पूर्णिमा ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। सभी प्रतियोगी टीमों को स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया गया तथा मुख्य अतिथियों का भी विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का समापन दीप यज्ञ के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन से पूर्व 7 मार्च 2026 को सायं 4 बजे चामुंडा मंदिर काशीपुर में 5 कुंडीय हवन यज्ञ का भी आयोजन किया गया था, जिसका संचालन समिति की योगिनी बहनों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में समिति की सभी योगिनी बहनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेष रूप से सती रावत, सीमा कंबोज, सरिता जोशी, हंसी कांडपाल और गुंजन चौहान की अग्रणी भूमिका सराहनीय रही।
