
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। शहर को साफ, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से महापौर दीपक बाली और नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में नगर निगम सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा और मंथन किया गया।

बैठक में महापौर दीपक बाली ने कहा कि शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाना हम सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसके लिए आम जनता को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोगों को यह समझाना होगा कि शहर उनका अपना है और उनके सहयोग के बिना इसे स्वच्छ बनाए रखना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब शहर साफ और स्वच्छ होगा तो स्वच्छता रैंकिंग में सुधार होना स्वाभाविक है, लेकिन हमारा उद्देश्य केवल रैंकिंग बढ़ाना नहीं है। हम चाहते हैं कि काशीपुर स्वच्छता के मामले में अलग पहचान बनाए और यहां की सफाई व्यवस्था अन्य शहरों के लिए मिसाल बने। महापौर ने विश्वास जताते हुए कहा कि यह कार्य एक दिन में संभव नहीं है, लेकिन लगातार प्रयासों से निश्चित रूप से यह लक्ष्य हासिल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि काशीपुर की देवतुल्य जनता अब स्वच्छता को लेकर पहले से अधिक गंभीर और जागरूक होती जा रही है, जो शहर के लिए सकारात्मक संकेत है।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी, नगर निगम कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, सभी पार्षदगण, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, पीएमयू टीम, एमएसडब्ल्यूएम टीम, सुपरवाइजर टीम, भाषा सूत्र टीम तथा Shavyas Agronixx टीम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। तय किया गया कि नगर निगम की सभी सफाई गाड़ियां कूड़ा ढककर ही ले जाएंगी, ताकि शहर में गंदगी और दुर्गंध न फैले। साथ ही सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड की सफाई से संबंधित समस्याओं की सूची तैयार कर जागरूकता बैठक में प्रस्तुत करेंगे।

इसके अतिरिक्त 10 प्रमुख विषयों के लिए 10 जिम्मेदार लीडर नियुक्त किए जाएंगे, जो अपनी-अपनी टीम का गठन कर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से समन्वय बनाए रखेंगे। इन टीमों के कार्यों की नियमित समीक्षा नगर आयुक्त और सहायक नगर आयुक्त द्वारा की जाएगी, ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
