
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला पतंजलि योग समिति उधम सिंह नगर (पश्चिम) की ओर से 8 मार्च को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम काशीपुर स्थित रोटरी क्लब नियर आर.के. हॉस्पिटल में प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा।
कार्यक्रम का आयोजन परम पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज के आशीर्वाद से किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज में महिलाओं को सम्मान देना तथा उनके मनोबल को बढ़ाना है। महिला पतंजलि योग समिति ने इस अवसर पर क्षेत्र की सभी मातृशक्ति को सादर आमंत्रित किया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती दीपिका गुड़िया जी उपस्थित रहेंगी, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में काशीपुर की पूर्व मेयर श्रीमती उषा चौधरी जी तथा श्रीमती स्नेहलता अग्रवाल जी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी।

इस आयोजन में महिलाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से होगी। इसके अलावा बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, कवि आसन प्रतियोगिता (काशीपुर और बाजपुर के बीच), भजन प्रस्तुति, महिलाओं के विचार और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा भी आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से महिलाओं को स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही एक ऐसी गरीब और असहाय महिला को भी सम्मानित किया जाएगा, जिसने अपने दम पर बच्चों का पालन-पोषण और शिक्षा का जिम्मा उठाया है।
कार्यक्रम के अंत में दीप यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त इस आयोजन की पूर्व संध्या पर 7 मार्च को सायं 4 बजे चामुंडा मंदिर काशीपुर में 5 कुंडीय हवन यज्ञ भी आयोजित किया जाएगा, जिसका संचालन महिला पतंजलि योग समिति की योगिनी बहनों द्वारा किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के आयोजक महिला पतंजलि योग समिति उधम सिंह नगर (पश्चिम) हैं, जिन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
