
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। दीपक बाली द्वारा शहर को गड्ढा मुक्त बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए वार्ड संख्या 39 प्रभात कॉलोनी और वार्ड संख्या 30 पक्का कोट क्षेत्र में कुल 9 सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। यह कार्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे विकास अभियानों के तहत किया जा रहा है।

वार्ड संख्या 39 में 60 लाख 46 हजार रुपये की लागत से 4 सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जबकि वार्ड संख्या 30 में 46 लाख 62 हजार रुपये की लागत से 5 सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान महापौर के पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और वर्षों पुरानी सड़क की मांग पूरी होने पर खुशी जताई।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि शहर की हर गली और मोहल्ले को बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि काशीपुर को पूरी तरह गड्ढा मुक्त बनाने का संकल्प जल्द ही धरातल पर दिखाई देगा।
शिलान्यास के तहत प्रभात कॉलोनी और पुष्प विहार क्षेत्रों में विभिन्न मार्गों व नालों के निर्माण कार्य शामिल हैं, जिनमें खड़ंजा मार्गों का पुनर्निर्माण, नई सड़कें और क्षतिग्रस्त नालों का निर्माण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर पार्षद अनीता कांबोज, सुरेश सैनी, मोनीश आशी, रवि प्रजापति सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
