
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने अपने पुराने निवास स्थान मौ टांडा उज्जैन से जनगणना रजिस्ट्रेशन कराकर देशव्यापी जनगणना अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने जनगणना को राष्ट्र निर्माण की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताते हुए सभी नागरिकों से इसमें सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा संचालित यह अभियान देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसंख्या से जुड़ी वास्तविक स्थिति के आकलन में अहम भूमिका निभाता है। इसी के आधार पर भविष्य की योजनाएं और नीतियां तैयार की जाती हैं।

महापौर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ किया जाए, ताकि सटीक आंकड़े सामने आ सकें। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों को सही और पूर्ण जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जनगणना अभियान के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में इसकी औपचारिक शुरुआत हो गई है।
