रेल सुविधाओं को लेकर काशीपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने रेल सुविधाओं की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए रेल मंत्री को संबोधित 11 सूत्रीय ज्ञापन स्टेशन मास्टर के माध्यम से सौंपा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महानगर कांग्रेस कमेटी की महानगर अध्यक्ष अलका पाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ काशीपुर में रेल सुविधाओं की अनदेखी को लेकर प्रदर्शन किया।

अलका पाल ने कहा कि काशीपुर रेलवे जंक्शन कुमाऊं मंडल का प्रवेश द्वार है, जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री देहरादून, दिल्ली और अन्य शहरों के लिए यात्रा करते हैं। इसके बावजूद यहां सुविधाओं में सुधार के बजाय कटौती की जा रही है, जिससे स्थानीय व पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रदेश महासचिव एवं एआईसीसी सदस्य अनुपम शर्मा ने आरोप लगाया कि रेल मंत्रालय काशीपुर के साथ दोहरा व्यवहार कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सभी सांसद भाजपा के होने के बावजूद काशीपुर की अनदेखी समझ से परे है। कांग्रेस जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष करती रहेगी।

इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एडवोकेट हरीश कुमार सिंह, एडवोकेट संदीप सहगल, एडवोकेट उमेश जोशी, विमल गुड़िया, इंदू मान, एडवोकेट मनोज जोशी, सुभाष पाल, ब्रह्मा पाल, संजय चतुर्वेदी, एडवोकेट इंदर सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी काशीपुर के साथ सौतेले व्यवहार पर नाराजगी जताई।
ज्ञापन में काशीपुर-रामनगर से देहरादून, हरिद्वार, लखनऊ, प्रयागराज, कोलकाता व पंजाब के लिए नई ट्रेनों का संचालन, मौजूदा ट्रेनों में अतिरिक्त साधारण कोच जोड़ने, काशीपुर-मुरादाबाद के बीच सुबह अतिरिक्त ट्रेन, काशीपुर-चंडीगढ़ वंदे भारत ट्रेन, काशीपुर-जसपुर-धामपुर रेल लाइन का निर्माण, हेमपुर डिपो में ट्रेन स्टॉपेज, स्टेशन पर सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर, बुजुर्ग व दिव्यांग यात्रियों के लिए एस्केलेटर, बंद पड़ी ट्रेनों को पुनः शुरू करने समेत 11 प्रमुख मांगें शामिल हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!