
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। नगर निगम काशीपुर द्वारा संचालित स्कूल जागरूकता अभियान के तहत आज GPS बांसखेरा खुर्द एवं GPS बांसखेरा कला में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान नगर निगम की टीम ने छात्र-छात्राओं को 6-बिन कचरा सेग्रीगेशन के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को विभिन्न रोचक गतिविधियों और खेलों के माध्यम से यह समझाया गया कि कचरे को किस प्रकार अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर उचित डिब्बों में डाला जाना चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलती है, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा सकता है।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को स्वच्छता वॉरियर स्टिकर्स एवं 6-बिन से संबंधित स्टिकर्स भी वितरित किए गए, ताकि वे इस संदेश को अपने घरों तक पहुंचाकर परिवार के अन्य सदस्यों को भी जागरूक कर सकें।
नगर निगम की इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, जिससे वे भविष्य में जागरूक नागरिक बनकर समाज में स्वच्छता के प्रेरक की भूमिका निभा सकें।
