
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरीश रावत ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार खुद स्वीकार कर चुकी है कि प्रदेश में अपराध अनियंत्रित हो गए हैं, लेकिन समाधान की बजाय अधिकारियों के तबादले ताश के पत्तों की तरह किए जा रहे हैं।
काशीपुर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश सचिव शिवम शर्मा के आवास पर आयोजित एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे रावत ने एसआईआर (SIR) को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य सही मतदाता की पहचान करना होता है, लेकिन पहली बार सुनने में आ रहा है कि इसका उपयोग नाम काटने के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सामान्यतः भारत निर्वाचन आयोग मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए अभियान चलाता है, जबकि वर्तमान में विपक्ष समर्थकों के नाम हटाने और फर्जी नाम जोड़ने की कोशिश हो रही है। रावत ने कहा कि यदि एसआईआर के माध्यम से नाम काटे और जोड़े जाएंगे तो इससे मतदान प्रक्रिया और लोकतंत्र दोनों प्रभावित होंगे।
