
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर । राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के विशेष शिविर के अंतर्गत 14 फरवरी 2026 को शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवियों द्वारा चयनित मलिन बस्ती कटरामालियान में नशा उन्मूलन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को नशा न करने की अपील की गई तथा नशे के सेवन से होने वाली बीमारियों और दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर के तीसरे दिन 15 फरवरी 2026 को स्वयंसेवियों ने पॉलीथिन उन्मूलन विषय पर जागरूकता रैली निकालकर आमजन से प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का उपयोग न करने का आग्रह किया।

बौद्धिक सत्र के अंतर्गत डॉ. गिरीश चंद्र पलड़िया, ट्रेनर एवं कार्यक्रम अधिकारी, पाल कॉलेज हल्द्वानी द्वारा वित्तीय साक्षरता विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाएं, भारत सरकार की विभिन्न निवेश योजनाएं, शेयर बाजार के जोखिम, वित्तीय योजना, छात्राओं के लिए वित्तीय क्षेत्र में करियर अवसर तथा ऑनलाइन फ्रॉड (एटीएम, ओटीपी, क्रेडिट-डेबिट कार्ड धोखाधड़ी) से बचाव जैसे विषयों पर पीपीटी के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वंदना सिंह, डॉ. गीता मेहरा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रमा अरोरा तथा सृष्टि सिंह उपस्थित रहे।
