
@नवल खबर ब्यूरो
जसपुर । विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की तहरीर पर पुलिस ने जसपुर के अब्दुल बारी चौक पर कांवरियों पर कथित पथराव के मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मौ. पट्टी चौहान निवासी बजरंग दल कार्यकर्ता राहुल चौहान पुत्र नरेन्द्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 3–4 बजे के बीच अब्दुल बारी चौक के पास एक मकान की छत से कुछ असामाजिक तत्वों के बच्चों द्वारा कांवरियों पर पथराव किया गया। आरोप है कि इस दौरान कांवरियों द्वारा हरिद्वार से लाया गया पवित्र गंगा जल भी अपवित्र करने का प्रयास किया गया, जिसका वीडियो फुटेज भी मौजूद होने की बात कही गई है।

तहरीर में कहा गया है कि इस घटना से हिन्दू समाज में आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संबंधित लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
