
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित सत्येंद्र चंद गुड़िया इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड लॉ कॉलेज में सोमवार, 16 फरवरी 2026 को “इम्प्लीमेंटेशन ऑफ द एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स ट्रेनिंग प्रोग्राम” विषय पर एक सप्ताह की रोजगारोन्मुखी कौशल कार्यशाला का शुभारंभ हुआ।
संस्थान की प्राचार्य डॉ. निमिषा अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यशाला Mahindra & Mahindra की CSR पहल Mahindra Pride Classroom के अंतर्गत आयोजित की जा रही है।

कार्यशाला के प्रथम दिन बीबीए, बीसीए, बी.कॉम (ऑनर्स) एवं एमबीए की द्वितीय व अंतिम वर्ष की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण सत्र का संचालन रिसोर्स पर्सन सी.ए. प्रभात दिवाकर द्वारा किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्राओं को रोजगारोन्मुखी दक्षताओं के साथ-साथ जीवन कौशल, सॉफ्ट स्किल्स, संचार एवं प्रस्तुतीकरण कौशल, साक्षात्कार तकनीक, आत्मविश्वास एवं आत्मसम्मान विकास, भावनाओं का प्रबंधन, संबंध निर्माण तथा व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक दक्षता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

प्राचार्य डॉ. निमिषा अग्रवाल ने बताया कि कार्यशाला का आयोजन संस्थान के प्लेसमेंट विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिसमें ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी आनंद सिंह तथा समस्त फैकल्टी का विशेष सहयोग रहा।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों की कार्यकुशलता को विकसित करना और उन्हें रोजगार के लिए बेहतर रूप से तैयार करना है। संस्थान की प्रबंध समिति भी निरंतर इस प्रकार की कार्यशालाओं के आयोजन के लिए प्रयासरत रहती है, ताकि विद्यार्थी व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकें।
