बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति रहे सतर्क, एहतियात जरूरी – डाॅ अमरजीत साहनी

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। नगर निगम काशीपुर के नगर स्वास्थ्य अधिकारी अमरजीत साहनी ने बदलते मौसम को देखते हुए क्षेत्रवासियों से अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सभी लोगों को अपनी सेहत का खास ध्यान रखना चाहिए।
अमरजीत साहनी ने कहा कि इस समय सुबह-शाम ठंडक और दिन में गर्मी होने के कारण शरीर पर इसका प्रभाव पड़ता है। ऐसे में लोगों को संतुलित आहार लेने, पर्याप्त पानी पीने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करें और ताजा एवं स्वच्छ भोजन का ही सेवन करें।

उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। यदि किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, जुकाम या अन्य कोई स्वास्थ्य समस्या महसूस हो तो तुरंत नजदीकी चिकित्सक से परामर्श लें और लापरवाही न करें।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने नगरवासियों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा जलभराव न होने देने की भी अपील की, ताकि संक्रमण और बीमारियों से बचाव किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता और सावधानी बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!