पंतनगर स्थित पारले बिस्कुट फैक्ट्री का एस.सी. गुड़िया आईएमटी के छात्रों ने किया भ्रमण

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। सत्येंद्र चंद्र गुड़िया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों ने 09 मार्च 2026 को पंतनगर स्थित विश्वविख्यात पारले बिस्कुट प्राइवेट लिमिटेड का शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
संस्थान की प्राचार्य डॉ. निमिषा अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस औद्योगिक भ्रमण में संस्थान के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर आनंद सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर रितेश कंडारी, सिमरन सेठी कुकरेजा तथा शिप्रा गोयल के नेतृत्व में BBA, BCA, B.Com (Hons.) और MBA के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

भ्रमण के दौरान कंपनी की एचआर मैनेजर गरिमा करगेती ने विद्यार्थियों को प्लांट का विस्तृत दौरा कराया और कंपनी की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोडक्शन, मार्केटिंग, सेल्स और पैकेजिंग से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में समझाया। साथ ही यह भी बताया कि बिस्कुट बनाने के लिए उपयोग किए जाने वाले कच्चे माल को किस प्रकार तैयार किया जाता है और उत्पादन की पूरी प्रक्रिया किस तरह संचालित होती है।
इस दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक मशीनों और उत्पादन प्रणाली को नजदीक से देखा तथा उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर प्राप्त किया। यह औद्योगिक भ्रमण छात्रों के लिए काफी ज्ञानवर्धक और व्यावहारिक अनुभव साबित हुआ।

संस्थान की प्रबंध समिति द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण आयोजित किए जाते हैं, ताकि विद्यार्थी विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में जाकर वस्तुओं के निर्माण की प्रक्रिया, गुणवत्ता और कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें। भ्रमण से लौटे छात्र-छात्राएं काफी उत्साहित नजर आए। साथ ही निकट भविष्य में संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को अन्य औद्योगिक इकाइयों का भी भ्रमण कराने की योजना बनाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!