सिल्ट व मलबा हटाने के लिए नगर निगम चलाएगा विशेष अभियान, सड़क व नालियों में मलबा फेंकने वालों पर रहेगी नज़र

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। नगर निगम काशीपुर द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से “सिल्ट एवं मलबा हटाने का विशेष अभियान” चलाया जाएगा। यह अभियान दिनांक 12 मार्च 2026 को प्रातः 08 बजे वार्ड नंबर–11 (शिव मंदिर ढकिया गुलाबो) क्षेत्र में शुरू किया जाएगा।
नगर निगम की टीम द्वारा सड़कों, नालियों तथा सार्वजनिक स्थानों पर जमा सिल्ट और मलबे को हटाने का कार्य किया जाएगा, जिससे जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और शहर स्वच्छ व सुंदर दिखाई दे। इस अभियान के माध्यम से नगर निगम का लक्ष्य शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना और नागरिकों को सफाई के प्रति जागरूक करना है।

अभियान के दौरान नगर निगम द्वारा निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (C&D) मलबे के उचित परिवहन और निस्तारण के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। नागरिकों से अपील की जाएगी कि वे निर्माण कार्य से निकलने वाले मलबे को सड़कों, नालियों या सार्वजनिक स्थानों पर न डालें और मलबे को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के लिए अधिकृत वाहनों का ही उपयोग करें।
नगर निगम की टीम विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा-कचरा और मलबा इधर-उधर न फैलाने तथा शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित भी करेगी।
नगर निगम काशीपुर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और मलबे के उचित परिवहन एवं निस्तारण से जुड़े नियमों का पालन करते हुए काशीपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!