वार्ड-11 में नगर निगम का विशेष स्वच्छता अभियान, सिल्ट व मलबा हटाकर क्षेत्र को किया साफ

@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। नगर निगम काशीपुर द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से वार्ड नंबर-11 स्थित शिव मंदिर ढकिया गुलाबो क्षेत्र में “सिल्ट एवं मलबा हटाने का विशेष अभियान” चलाया गया। यह अभियान प्रातः 8 बजे से शुरू होकर क्षेत्र की सड़कों और नालियों में संचालित किया गया।

सफाई निरीक्षक मनोज कुमार बिष्ट के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा सिल्ट एवं मलबे को हटाकर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया। टीम ने आसपास के इलाकों में भी सफाई कार्य कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

अभियान के दौरान नगर निगम की ओर से नागरिकों को निर्माण एवं ध्वस्तीकरण के बाद निकलने वाले मलबे के उचित परिवहन और निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से अपील की गई कि निर्माण कार्य से निकलने वाला मलबा सड़कों या नालियों में न डालें तथा उसे निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के लिए अधिकृत वाहनों का ही उपयोग करें।

सफाई निरीक्षक डॉ. मनोज बिष्ट ने नगर निगम की ओर से काशीपुर के नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से मलबे के परिवहन और निस्तारण से संबंधित नियमों का पालन करने का भी आग्रह किया।
अभियान के दौरान पार्षद ममता कुमारी, उनके पति घनश्याम, सुपरवाइजर राजेश सहित नगर निगम की टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद नालियों और सड़कों की पानी से धुलाई कर क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!