महाराणा प्रताप चौक पर अग्निकांड, दो दुकानों में लाखों का नुकसान – मेयर दीपक बाली ने 50 हजार की सहायता की घोषणा

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। शहर के महाराणा प्रताप चौक पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब साइकिल मरम्मत और फल की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे दो दुकानों में भारी नुकसान हो गया।

जानकारी के अनुसार आवास विकास निवासी अनिल शर्मा की साइकिल मरम्मत की दो दुकानें तथा शहजाद हुसैन की फल की दुकान आग की चपेट में आ गईं। इस घटना में अनिल शर्मा की दोनों दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि फल की दुकान में भी काफी नुकसान हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही काशीपुर के मेयर दीपक बाली मौके पर पहुंचे और पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया। मेयर ने कहा कि पीड़ितों को शासन-प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने मानवीय पहल करते हुए अपनी ओर से तत्काल 50 हजार रुपये की निजी सहायता देने की घोषणा भी की।

मेयर दीपक बाली ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से अग्निकांड में हुए नुकसान का वास्तविक आंकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारी रोहित शर्मा को भी नुकसान की सूची तैयार कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा, ताकि शासन से उचित सहायता दिलाई जा सके।
अग्निकांड पीड़ित दुकानदार अनिल शर्मा ने बताया कि आग लगने से उनकी दुकान में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया है। इस हादसे में करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!