
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। शहर के महाराणा प्रताप चौक पर हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित दुकानदारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल ने सरकार से पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

आज सुबह महाराणा प्रताप चौक पर खोखा व्यापारी शहजाद और अनिल शर्मा के प्रतिष्ठानों में भीषण आग लगने की सूचना मिलते ही महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ घटनास्थल का जायजा लिया और अग्निकांड से पीड़ित व्यापारियों की स्थिति की जानकारी ली।

इस दौरान अलका पाल ने उपजिलाधिकारी और तहसीलदार से वार्ता कर पीड़ित व्यापारियों को सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि आग की इस घटना में पीड़ित व्यापारियों की पूरी दुकान जलकर खाक हो गई है, जो बेहद दुखद है। ऐसे में प्रशासन और सरकार को तुरंत राहत प्रदान करनी चाहिए।

उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से भी अपील की कि इस संकट की घड़ी में आगे आकर अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों की हर संभव मदद करें। अलका पाल ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एडवोकेट हरीश कुमार सिंह, विमल गुड़िया, महेंद्र लोहिया, जितेंद्र सरस्वती, चंद्रभूषण डोभाल, अनिल शर्मा, इलियास महागीर, खैराती लाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
