
@नवल खबर ब्यूरो
पौड़ी। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत जनपद पौड़ी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। धुमाकोट पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान 11 किलो 680 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5.85 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष धुमाकोट सुनील पंवार के नेतृत्व में पुलिस टीम 18 मार्च 2026 की शाम दिगोलीखाल बाजार क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान सड़क किनारे दो बैग लिए खड़े एक संदिग्ध व्यक्ति पर पुलिस को शक हुआ। जब पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो दोनों बैगों से कुल 11 किलो 680 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित शर्मा (42 वर्ष) पुत्र स्व. श्याम प्रसाद शर्मा, निवासी पशुपति विहार, काशीपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा अल्मोड़ा जिले के बंदरकोट क्षेत्र से खरीदकर काशीपुर में बेचने के उद्देश्य से ला रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अवैध नशे के कारोबार से आर्थिक लाभ कमाना चाहता था।
इस संबंध में थाना धुमाकोट में मु0अ0सं0- 02/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। गांजे की सप्लाई चेन, इसके स्रोत और इसमें शामिल अन्य तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
