हवन-पूजन के साथ धूमधाम से मनाया गया आर्य समाज का 151वां स्थापना दिवस

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। मोहल्ला लाहौरियान स्थित आर्य समाज मंदिर में आर्य समाज काशीपुर द्वारा 151वां स्थापना दिवस हवन-पूजन के साथ बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में हवन, भजन एवं उपदेश का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
आर्य समाज के प्रधान अतुल कुमार रस्तोगी के अनुसार कार्यक्रम में हवन के यजमान के रूप में प्रधान अतुल आजाद, मंत्री संजय कुमार अग्रवाल एवं अभिषेक सक्सैना सपत्नीक उपस्थित रहे। यज्ञ का संचालन सुरेश तिवारी जी ने अपनी ओजस्वी वाणी में संपन्न कराया।
यज्ञ के उपरांत धामपुर से आए भजनोपदेशक विक्रमदेव आर्य ने स्वामी दयानंद सरस्वती के राष्ट्र एवं समाज के उत्थान हेतु किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर संजय कुमार अग्रवाल ने आर्य समाज की स्थापना के उद्देश्य पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में डीएवी स्कूल, रूपकिशोर लालमणि आर्य कन्या इंटर कॉलेज एवं तारापुर शिशु मंदिर की छात्राओं ने सुंदर भजन प्रस्तुत कर स्वामी दयानंद के जीवन और उनके आदर्शों को जीवंत किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधान अतुल कुमार रस्तोगी ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वामी दयानंद के विचारों को आत्मसात करने और समाज में प्रसारित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आर्य समाज एक ऐसा संगठन है जो समानता और सामाजिक समरसता का संदेश देता है, जहां ऊंच-नीच का कोई भेदभाव नहीं है।
सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर संरक्षक शिवचरण विश्नोई, विमल गुड़िया, संजय चतुर्वेदी, डॉ. अरुण, अम्बरीष गर्ग, राजीव घई, चक्रेश जैन, विपिन अग्रवाल एडवोकेट, डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय, अलका पाल, इंदुमान महिला आर्य समाज की प्रधान शशि प्रभा सिंघल, मंत्री कुमकुम राजपूत, आर्य कन्या इंटर कॉलेज के प्रबंधक महेंद्र लोहिया, आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तराखंड के नवनिर्वाचित मंत्री एडवोकेट मयंक गुप्ता, प्रधानाचार्य श्रीमती रिंकू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं आर्य समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!