
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। ऊधमसिंह नगर जनपद में अवैध पशु वध और प्रतिबंधित मांस के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए मांस तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। काशीपुर की आईटीआई कोतवाली पुलिस और जीव संरक्षण स्क्वाड की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर सुनियोजित घेराबंदी कर इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन को अंजाम दिया।

कार्रवाई के दौरान बंडिया-08 चौराहे और महुआखेड़ा मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इसी दौरान पुलिस ने एक वाहन से करीब 700 किलो (7 क्विंटल) अवैध गोमांस बरामद किया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जैसे ही वाहन संख्या UA06G4040 पुलिस के जाल में फंसा, टीम ने उसे चारों ओर से घेर लिया। तलाशी लेने पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस के साथ-साथ मांस काटने और ढोने के उपकरण भी बरामद किए गए। मौके से आरोपी सुफियान, निवासी थाना भगतपुर, मुरादाबाद, को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार यह सफलता लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जा रही पैनी निगरानी और खुफिया तंत्र की सक्रियता का परिणाम है।
प्रशासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति से तस्करी से जुड़े अपराधियों में खौफ का माहौल है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।

स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे कानून व्यवस्था और पशु संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम बताया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनपद में कहीं भी अवैध पशु वध या मांस तस्करी की सूचना मिलने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे। अधिकारियों ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
