काशीपुर–रामनगर हाईवे की बदहाल हालत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। काशीपुर से रामनगर को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे की जर्जर स्थिति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए काशीपुर–रामनगर हाईवे के शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगभग 30 किलोमीटर लंबा यह मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान अलका पाल ने कहा कि यह सड़क जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, लेकिन इसकी बदहाल स्थिति सरकार के विकास दावों की पोल खोल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार काशीपुर के विकास की लगातार उपेक्षा कर रही है।
वहीं एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश महासचिव अनुपम शर्मा ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास के नाम पर केवल दावे किए जा रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज जोशी, मुशर्रफ हुसैन, हरीश कुमार सिंह, विमल गुड़िया, सरित चतुर्वेदी, अरुण चौहान, सुभाष पाल अर्पित मेहरोत्र, चंद्रभूषण सिंह डोभाल सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि काशीपुर की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सरकार को जल्द ठोस कदम उठाने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!