एस.सी. गुड़िया आईएमटी में ‘वित्तीय साक्षरता’ पर दो दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित सत्येंद्र चंद गुड़िया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड लॉ कॉलेज में 23 मार्च 2026 से आयोजित दो दिवसीय ‘वित्तीय साक्षरता’ कार्यशाला का सफल समापन हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में बचत, निवेश और प्रभावी वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

संस्थान की प्राचार्य डॉ. निमिषा अग्रवाल ने बताया कि बीबीए, बीसीए एवं बी.कॉम (ऑनर्स) के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस कार्यशाला में एसबीआई एवं नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटी मार्केट (NISM) के रिसोर्स पर्सन डॉ. अंकुर भटनागर ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में उपलब्ध विभिन्न निवेश और बचत योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

डॉ. भटनागर ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में सही निवेश व्यक्ति के भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाता है। उन्होंने निवेश की प्रक्रियाओं, विभिन्न क्षेत्रों और वित्तीय योजना के महत्व पर भी प्रकाश डाला। यह कार्यशाला ‘निवेश ज्योति फाइनेंशियल साक्षरता प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत आयोजित की गई।
कार्यशाला के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर अंकुश शर्मा एवं फैकल्टी कोऑर्डिनेटर सिमरन सेठी कुकरेजा रहीं। अंत में विद्यार्थियों ने रिसोर्स पर्सन से विभिन्न वित्तीय विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
संस्थान प्रबंधन द्वारा समय-समय पर इस प्रकार की कार्यशालाओं और सेमिनारों का आयोजन किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को बदलते वित्तीय और औद्योगिक परिदृश्य की जानकारी मिल सके। इस अवसर पर समस्त फैकल्टी एवं स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!