भाजपा सरकार के 4 साल झूठ का पुलिंदा, “हर मोर्चे पर विफल” — अलका पाल

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। महानगर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अलका पाल ने भाजपा सरकार के चार साल के कार्यकाल पर तीखा हमला बोलते हुए इसे “झूठ का पुलिंदा” करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और वित्तीय प्रबंधन जैसे अहम मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है और जवाबदेही से बचने का प्रयास कर रही है।
अलका पाल ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी के चलते युवा पलायन को मजबूर हैं, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस नीति बनाने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और सरकारी अस्पताल केवल रेफरल सेंटर बनकर रह गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई चरम पर है, जिससे आम जनता परेशान है। वहीं शिक्षा विभाग और पुलिस महकमे में हजारों पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन सरकार उन्हें भरने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।
कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अलका पाल ने कहा कि प्रदेश में हालात चिंताजनक हैं, लेकिन सरकार के पास इसे सुधारने की कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने भ्रष्टाचार और अवैध खनन के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई न करना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।
अंत में उन्होंने सरकार से मांग की कि वह अपने चार साल के कार्यकाल का विस्तृत श्वेत पत्र जारी कर जनता के सामने जवाब दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!