आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए श्री कायस्थ सभा की पहल, ‘चित्रगुप्त कन्यादान योजना’ का शुभारंभ

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर।समाज सेवा और सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्री कायस्थ सभा द्वारा ‘श्री चित्रगुप्त कन्यादान एवं सामूहिक विवाह प्रोत्साहन योजना’ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
सभा भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान संस्था के अध्यक्ष अभिताभ सक्सेना एडवोकेट ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल विशेष रूप से आर्थिक रूप से असक्षम परिवारों की कन्याओं के विवाह में सहयोग के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना ही नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है।

योजना के तहत श्री कायस्थ सभा से जुड़े आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं के विवाह के लिए सभा भवन निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा और ₹5100 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं अन्य जरूरतमंद परिवारों को सभा भवन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट के साथ ₹5100 की सहायता दी जाएगी, बशर्ते विवाह सभा भवन में ही संपन्न हो।
इस योजना में शहीदों की बेटियों, विधवा माता की पुत्रियों, दिव्यांग कन्याओं एवं अत्यंत निर्धन परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

संस्था के सचिव राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 7 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया जाएगा, जो आवेदनों का स्थल निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट कार्यकारिणी को सौंपेगी। इसके आधार पर पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
प्रारंभिक चरण में वर्ष में अधिकतम 10 कन्याओं को योजना का लाभ दिया जाएगा, जिसे भविष्य में बढ़ाने की योजना है। आवेदन विवाह तिथि से कम से कम दो माह पूर्व करना अनिवार्य होगा, हालांकि विशेष परिस्थितियों में इसमें छूट भी दी जा सकेगी। सहायता राशि विवाह के समय चेक के माध्यम से प्रदान की जाएगी।

संस्था द्वारा सामूहिक विवाह को भी प्रोत्साहित करने की योजना है, जिसके तहत अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि और आयोजन सहयोग देने पर विचार किया जा रहा है।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक अशोक सक्सेना ने समाज के सक्षम लोगों, उद्योगपतियों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों से योजना में सहयोग की अपील करते हुए इसे समाज के सामूहिक दायित्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में मुकेश सक्सेना एडवोकेट, सुशील कुमार सक्सेना, गीता सक्सेना, प्रदीप सक्सेना, कुलदीप श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र सक्सेना, अपूर्व चित्रांश, राजेश चंद्र सक्सेना, अनूप सक्सेना, अनिल कुमार, रजनीश कुमार सक्सेना, कामिनी श्रीवास्तव, सुनीता सक्सेना, देवम सक्सेना, राम अवतार सक्सेना सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!