
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। महानगर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अलका पाल ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि रामनगर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर वर्षों से अधूरे पड़े ओवरब्रिज का शीघ्र निर्माण नहीं कराया गया तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगी।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से लंबित इस ओवरब्रिज के अधूरे निर्माण के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। रोजाना जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

अलका पाल ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर अवगत कराया है। इसके साथ ही उप जिलाधिकारी से वार्ता कर निर्माण कार्य से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं—एनएच और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से भी जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग की गई है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि काशीपुर में लंबे समय से भाजपा के विधायक, सांसद और मेयर होने के बावजूद इस महत्वपूर्ण ओवरब्रिज का कार्य अधूरा पड़ा है, लेकिन जनप्रतिनिधियों ने इस ओर कोई ठोस पहल नहीं की।
अलका पाल ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस विकास कार्यों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगी और यदि जल्द ही ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो पार्टी सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।
