
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। चैती मेले के अवसर पर आयोजित भव्य भजन संध्या में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां बाल सुंदरी के दरबार में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि चैती मेले से प्राप्त करीब 13 करोड़ रुपये की धनराशि से चैती परिसर का समग्र विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले से प्राप्त आय का उपयोग व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और क्षेत्र के समग्र विकास में किया जाएगा। साथ ही पूरे क्षेत्र का मास्टर प्लान भी तैयार कराया जाएगा, जिससे भविष्य में सुविधाओं का विस्तार सुनियोजित तरीके से हो सके।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर आयोजकों, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए कहा कि धामी सरकार किसानों, सनातन संस्कृति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार साहसिक निर्णय ले रही है। उन्होंने धान की बुवाई पर लगे प्रतिबंध को हटाने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चैती मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और लोकजीवन का महोत्सव है। उन्होंने कहा कि मां बाल सुंदरी की कृपा से ही उन्हें इस पावन दरबार में आने का अवसर मिला है। काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों की जनता की आस्था और सहभागिता इस मेले को विशेष बनाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से कार्य कर रही है। चारधाम, मानसखंड और अन्य प्रमुख स्थलों पर सड़क, बिजली, पानी और परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने काशीपुर को उत्तराखंड का प्रवेश द्वार बताते हुए मां बाल सुंदरी मंदिर के विकास को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा काशीपुर को औद्योगिक नगर के साथ-साथ आस्था की नगरी के रूप में भी स्थापित करने की है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने काशीपुर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए ओवरब्रिज निर्माण कार्य का भी उल्लेख किया और विकास योजनाओं का विरोध करने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार दिन-रात राज्य के विकास के लिए कार्यरत है और उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्रीष्मकालीन धान की बुवाई की अनुमति का भी जिक्र किया। साथ ही मेले के प्रधान पंडा विकास अग्निहोत्री, मनोज अग्निहोत्री, कृष्ण गोपाल अग्निहोत्री एवं भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा को सम्मानित किया।
