देश का पहला अनोखा नगर निकाय बना काशीपुर, ‘गली यान’ से अब हर गली तक पहुंचेगी सफाई व्यवस्था

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं महापौर दीपक बाली के प्रयासों से काशीपुर ने एक अनोखी उपलब्धि हासिल करते हुए देश का पहला ऐसा नगर निकाय बनने का दावा किया है, जहां अब शहर की सबसे संकरी गलियों तक भी कूड़ा संग्रहण वाहन आसानी से पहुंच सकेंगे।

नगर निगम द्वारा शुरू की गई विशेष ई-ट्रॉली कार्ट, जिसे ‘गली यान’ नाम दिया गया है, महापौर दीपक बाली की परिकल्पना और तीन माह के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इस अत्याधुनिक वाहन की खासियत यह है कि यह बेहद संकरी गलियों में भी आसानी से संचालित हो सकता है और इसमें लगी घूमने वाली ड्राइविंग सीट के कारण वाहन को वापस मोड़ने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

नैनी पेपर्स लिमिटेड द्वारा सीएसआर फंड के तहत प्रदान की गई 50 लाख रुपये की सहायता से नगर निगम को 10 ई-रिक्शा टिपर (गीला, सूखा, सेनेटरी एवं प्लास्टिक कचरे के अलग-अलग डिब्बों सहित) एवं 19 ई-ट्रॉली कार्ट उपलब्ध कराए गए। इन वाहनों के लोकार्पण एवं हस्तांतरण कार्यक्रम के दौरान नगर निगम परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने कहा “पूरा काशीपुर मेरा घर है” जिसे मैं साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाकर ही छोड़ूंगा।” उन्होंने नागरिकों से भी सफाई व्यवस्था में सहयोग की अपील की और कहा कि जब लोग खुद कूड़ा फैलाने वालों को रोकेंगे, तभी शहर पूरी तरह स्वच्छ बन सकेगा।

कार्यक्रम में नैनी पेपर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पवन अग्रवाल ने महापौर की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि काशीपुर को एक कर्मयोगी नेतृत्व मिला है और कंपनी भविष्य में भी नगर निगम को सहयोग देती रहेगी।
महापौर ने द्रोणा सागर और चैती मेला परिसर के विकास के लिए नगर निगम को जिम्मेदारी सौंपने का प्रस्ताव भी रखा, जिस पर उपस्थित लोगों ने सहमति जताई।

नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने सभी अतिथियों एवं नैनी पेपर्स परिवार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक नगर आयुक्त विनोद कुमार ने किया।
उल्लेखनीय है कि ‘गली यान’ जैसी तकनीक देश के किसी भी नगर निकाय में पहली बार प्रयोग में लाई गई है, जो काशीपुर की सफाई व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ-साथ शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही नगर निगम द्वारा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) के माध्यम से कचरा प्रबंधन की डिजिटल मॉनिटरिंग की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
इस मौके पर जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!