काशीपुर-रामनगर रोड निर्माण को हरी झंडी, जल्द मिलेगी जनता को राहत,16.81 करोड़ की लागत से बनेगी रामनगर रोड, मई में काम होगा शुरू

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में रामनगर रोड निर्माण को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि काशीपुर-रामनगर रोड (किमी 0 से 24) के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है और जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना का श्रेय उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से केंद्र सरकार से स्वीकृति संभव हो सकी।

महापौर ने जानकारी दी कि लगभग 16 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के लिए शासनादेश (जीओ) जारी हो चुका है। एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। 10 अप्रैल के आसपास टेंडर जारी होने की संभावना है, जिसके बाद मई के दूसरे सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़ी यह सड़क शहर की प्रमुख समस्या बनी हुई थी, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जा रहा है। इससे काशीपुर और रामनगर के बीच आवागमन सुगम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
फोरलेन परियोजना भी जारी

महापौर ने बताया कि रामनगर रोड को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण और वन विभाग से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि फोरलेन निर्माण में लगभग 2 से 2.5 वर्ष का समय लग सकता है, इसलिए फिलहाल टू-लेन सड़क का निर्माण जरूरी है।
रेलवे ओवरब्रिज पर प्रगति
रामनगर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के संबंध में उन्होंने बताया कि इसकी प्रक्रिया भी प्रगति पर है। पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा के अनुसार, यह परियोजना दिसंबर 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है।
रोडवेज और आईएसबीटी पर भी चर्चा
प्रेस वार्ता के दौरान रोडवेज बस अड्डे की बदहाल स्थिति और पानी की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। महापौर ने इस पर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही नए आईएसबीटी के लिए बाजपुर रोड और मुरादाबाद रोड क्षेत्र में जमीन चिन्हित किए जाने की जानकारी दी।
अतिक्रमण और तहबाजारी पर स्पष्टीकरण
चैती मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा तय शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि 24 फीट तक ₹50, 48 फीट तक ₹75 और उससे अधिक पर ₹150 शुल्क निर्धारित है। यदि कहीं भी गलत वसूली की शिकायत मिलती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महापौर दीपक बाली ने अंत में कहा कि काशीपुर के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और आने वाले समय में शहरवासियों को बेहतर सड़क और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!