चैती मेले में महिला से मारपीट करने वाली 7 महिला बाउंसर गिरफ्तार, कोर्ट में पेश

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर । आईटीआई कोतवाली पुलिस ने चैती मेले में पकोड़ी की ठेली लगाने वाली महिला के साथ मारपीट करने के मामले में कार्रवाई करते हुए 7 महिला बाउंसरों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम धरमपुरा, टांडा (जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश) निवासी सुषमा ने 2 अप्रैल 2026 को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह चैती मेले में पकोड़ी की अस्थायी ठेली लगाती है। घटना वाले दिन वह अपना सामान समेट रही थी, तभी झूले में तैनात कुछ महिला बाउंसर वहां पहुंचीं और बिना किसी कारण उससे विवाद करने लगीं।

सुषमा के अनुसार, जब उसने उन्हें समझाने की कोशिश की तो 8-10 महिला बाउंसरों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बाउंसरों ने उसके बाल पकड़कर थप्पड़ मारे, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोग घटना का वीडियो बना रहे थे, जिनके साथ भी अभद्रता की गई। मारपीट के दौरान सुषमा की कान की बाली भी गिरकर खो गई।
पीड़िता की शिकायत पर प्रभारी निरीक्षक आईटीआई कोतवाली रवि कुमार सैनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात 8-10 महिला बाउंसरों के खिलाफ धारा 115/352/351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपित महिला बाउंसरों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!