
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित सत्येंद्र चंद्र गुड़िया लॉ कॉलेज के विधि तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम लगातार जारी है। संस्थान के विद्यार्थियों ने न केवल बेहतरीन प्रदर्शन किया, बल्कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भी अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कॉलेज के रजिस्ट्रार डॉ. सुधीर दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले सेमेस्टर में मामूली अंतर से पीछे रह गए छात्र-छात्राओं ने इस बार कड़ी मेहनत और लगन से पढ़ाई करते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त करने की मजबूत दावेदारी पेश की है।

इस परीक्षा में आकाश कोहली, नेहा कांबोज, पुष्कर सिंह एवं कुमारी सोनाक्षी ने संयुक्त रूप से 9.20 एसजीपीए (84.50 प्रतिशत) अंक प्राप्त कर कक्षा में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कुमारी स्वाति सक्सेना ने 82.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में शिवानी रहेजा, प्रवीण कुमार गुप्ता, राघव अग्रवाल और साक्षी ने संयुक्त रूप से 8.80 एसजीपीए (80.50 प्रतिशत) अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
परिणामों की खास बात यह रही कि 74 प्रतिशत छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जिनमें से 44 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक और 27 प्रतिशत ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। यह आंकड़े संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली को दर्शाते हैं।
उल्लेखनीय है कि सत्येंद्र चंद्र गुड़िया लॉ कॉलेज के विद्यार्थी लगातार विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संस्थान की चेयरमैन श्रीमती विमला गुड़िया, प्रबंधन समिति, फैकल्टी, स्टाफ एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
