
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित चैती चौराहे के पास नई विदेशी मदिरा की दुकान खुलने को लेकर शनिवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा के नेतृत्व में छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय महिलाओं (मातृ शक्ति) ने मौके पर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और दुकान को तत्काल बंद करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा ने कहा कि जिस स्थान पर यह दुकान खोली गई है, वहां से प्रतिदिन 15 से 20 हजार छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। पास ही महाविद्यालय, विद्यालय और धार्मिक स्थल स्थित हैं, ऐसे में यहां शराब की दुकान खोलना युवाओं के भविष्य और सामाजिक वातावरण के लिए हानिकारक है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वे व्यापार के विरोध में नहीं हैं, लेकिन ऐसी दुकानों को ऐसे स्थानों पर खोला जाना चाहिए जहां छात्रों और धार्मिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। जतिन शर्मा ने यह भी बताया कि इस मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा था और आरोप लगाया कि उस दौरान महापौर दीपक बाली ने दुकान न खुलने का आश्वासन दिया था, बावजूद इसके दुकान का संचालन शुरू हो गया।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने भी कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि जिस रास्ते से बेटियां स्कूल और कॉलेज जाती हैं, वहां शराब की दुकान खुलना असुरक्षा और गलत माहौल को बढ़ावा देगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
वहीं मौके पर पहुंचे आबकारी विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि दुकान को नियमानुसार लाइसेंस जारी किया गया है और सभी दूरी संबंधी मानकों का पालन किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी को आपत्ति है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिखित शिकायत दर्ज करा सकता है, जिस पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि अधिकारियों के इस जवाब से प्रदर्शनकारी संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दुकान को बंद नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। छात्र संघ अध्यक्ष ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर बड़े स्तर पर आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
