उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज: बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट

@नवल खबर ब्यूरो

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। 8 अप्रैल को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन के साथ वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि होने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इससे जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही फसलों और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
पूर्वानुमान के अनुसार 9 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

10 से 13 अप्रैल के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा या बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं 14 अप्रैल को पूरे राज्य में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है, जिसके बाद आगामी 3 से 4 दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी, बिजली और ओलावृष्टि के दौरान घरों के अंदर रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें और खुले स्थानों पर खड़े वाहनों व पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!