नवनियुक्त सफाई निरीक्षकों ने काशीपुर नगर निगम में लिया स्वच्छता प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण


@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। डॉ. रघुनांदन सिंह टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी (ATI), नैनीताल द्वारा शहरी विकास निदेशालय के नवनियुक्त सफाई निरीक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को नगर निगम काशीपुर में एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे नगर निगम परिसर में हुआ, जहाँ प्रशिक्षुओं को निगम की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने प्रशासनिक ढांचे, स्वच्छता प्रबंधन तथा अपशिष्ट निस्तारण की आधुनिक तकनीकों का विस्तृत अध्ययन किया।

भ्रमण के अंतर्गत प्रशिक्षुओं ने 10 MLD प्लांट का निरीक्षण कर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (FSTP) एवं को-ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली और तकनीकी पहलुओं को समझा। इसके साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नालियों की सफाई व्यवस्था और जन-स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों पर फील्ड अधिकारियों से सीधे संवाद कर व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।

सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन प्रणाली की जानकारी देते हुए वाहनों में लगे छह प्रकार के डस्टबिन के माध्यम से कूड़े के पृथक्कीकरण के महत्व को विस्तार से समझाया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट, ATI के पाठ्यक्रम निदेशक मनोज पाण्डेय, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह एवं शालिनी नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

भ्रमण के उपरांत आयोजित सत्र में प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया और तकनीकी बिंदुओं पर चर्चा की गई। नगर आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि फील्ड का व्यावहारिक अनुभव ही भविष्य की चुनौतियों से निपटने में सबसे अधिक सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में 60 नवनियुक्त सफाई निरीक्षक, PMU टीम, स्वच्छ भारत मिशन टीम एवं भाषा सूत्र टीम के सदस्य मौजूद रहे। मंच संचालन मनोज बिष्ट द्वारा किया गया। अपराह्न 2:00 बजे धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!