नगर निगम काशीपुर: नवनियुक्त ट्रेनी सफाई निरीक्षकों ने लिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। नगर निगम काशीपुर में कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगर आयुक्त श्री रविंद्र सिंह बिष्ट के कुशल निर्देशन में नवनियुक्त 05 ट्रेनी सफाई निरीक्षकों ने नगर क्षेत्र का सघन भ्रमण कर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सहायक नगर आयुक्त श्री विनोद लाल साह एवं सफाई निरीक्षक श्री मनोज बिष्ट के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के प्रथम चरण में प्रशिक्षुओं ने नगर आयुक्त से शिष्टाचार भेंट कर नगर निगम की प्रशासनिक संरचना, अधिकारियों के दायित्वों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इसके पश्चात सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट के नेतृत्व में प्रशिक्षुओं ने नगर क्षेत्र का भ्रमण किया, जहां उन्होंने धरातल पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए डोर-टू-डोर कूड़ा उठान (Garbage Collection) तथा कूड़ा निस्तारण (Waste Disposal) की प्रक्रियाओं को व्यावहारिक रूप से समझा।
व्यावहारिक ज्ञान को और समृद्ध करने के उद्देश्य से प्रशिक्षुओं ने मंडी समिति का निरीक्षण भी किया। यहां मंडी समिति के सचिव श्री तिवारी से मुलाकात कर परिसर में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन के तौर-तरीकों की जानकारी ली।

प्रशिक्षण के अंतिम चरण में सभी प्रशिक्षुओं ने मुख्य अतिथि गृह में माननीय शहरी विकास मंत्री श्री रामसिंह कैड़ा से शिष्टाचार भेंट की। मंत्री जी ने उन्हें जनसेवा और स्वच्छता के प्रति समर्पित रहकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस व्यावहारिक प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नवनियुक्त सफाई निरीक्षकों को धरातलीय चुनौतियों एवं नगर की स्वच्छता व्यवस्था की वास्तविक कार्यप्रणाली से अवगत कराना है, ताकि वे भविष्य में काशीपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में प्रभावी योगदान दे सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!