श्री चित्रगुप्त कन्यादान योजना के तहत प्रथम विवाह सम्पन्न, जरूरतमंद परिवार को मिला सहयोग

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। समाज सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए श्री कायस्थ सभा, काशीपुर द्वारा संचालित श्री चित्रगुप्त कन्यादान योजना के अंतर्गत प्रथम लाभार्थी कन्या का विवाह आज सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस आयोजन ने न केवल एक परिवार को सहारा दिया, बल्कि समाज में सहयोग और संवेदनशीलता का भी सशक्त संदेश दिया।

संस्था को प्राप्त प्रथम आवेदन के बाद संरक्षक अशोक कुमार सक्सेना के नेतृत्व में जांच समिति ने संबंधित जरूरतमंद परिवार के घर जाकर विस्तृत सत्यापन किया। जांच के उपरांत कार्यकारिणी ने आवेदन को स्वीकृति प्रदान करते हुए विवाह हेतु सभा भवन उपलब्ध कराया।

विवाह समारोह के अवसर पर संस्था की ओर से कन्या को ₹5100 की धनराशि का चेक प्रदान किया गया। इसके साथ ही सहयोगियों के योगदान से नवदंपत्ति को गृहस्थी के लिए आवश्यक सामग्री जैसे वॉशिंग मशीन, कूलर, सोफा, डिनर सेट, प्रेस, वाटर कूलर, गैस चूल्हा, जूसर मिक्सर-ग्राइंडर, केसरोल, कूकर आदि भेंट किए गए, जिससे उनके नए जीवन की शुरुआत सुगम हो सके।

इस पुनीत कार्य में ए.के. माथुर, संजय सक्सेना, गीता सक्सेना, वीरेंद्र प्रकाश सक्सेना, अश्वनी भटनागर, बबीता सक्सेना, राहुल शर्मा, पवन बंसल, अमित कुमार गुप्ता सहित कई समाजसेवियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
संस्था अध्यक्ष अभिताभ सक्सेना (एडवोकेट) ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना का सफल क्रियान्वयन प्रारंभ होना संस्था के लिए गर्व और संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि समाज में सहयोग की भावना को मजबूत करना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद कन्या आर्थिक अभाव के कारण विवाह से वंचित न रहे।

संस्था के सचिव राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और प्रत्येक मामले का सत्यापन किया जाता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस योजना से जुड़ने और अपनी सामर्थ्य अनुसार सहयोग करने की अपील की।
अंत में संस्था ने आमजन से आग्रह किया कि यदि उनके आसपास कोई जरूरतमंद परिवार हो, तो उसकी जानकारी श्री कायस्थ सभा, काशीपुर तक अवश्य पहुंचाएं, ताकि इस योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंच सके।
इस अवसर पर संरक्षक मुकेश सक्सेना (एडवोकेट), संजय सक्सेना, सुनीता सक्सेना, कविता सक्सेना, अपूर्व चित्रांश (एडवोकेट), देवम सक्सेना सहित कई कायस्थ बंधु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!