
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में “गड्ढा मुक्त काशीपुर” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए महापौर दीपक बाली ने एक बार फिर शहर में विकास कार्यों की कड़ी में आठ नई सड़कों का शिलान्यास किया।

वार्ड संख्या 23, अल्ली खां पश्चिमी में लगभग 41 लाख 97 हजार रुपये की लागत से बनने वाली 2 सड़कों तथा वार्ड संख्या 37, पक्का कोट पूर्वी में 1 करोड़ 2 लाख 75 हजार रुपये की लागत से बनने वाली 6 सड़कों के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने

महापौर का गर्मजोशी से स्वागत किया और लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पार्षद वैशाली गुप्ता, रवि प्रजापति, नजमा बेगम, मोनिश आशी, शक्ति केंद्र संयोजक शराविया बेगम, वरिष्ठ भाजपा नेता ईश्वर चंद्र गुप्ता, राजेंद्र सैनी, जसवीर सिंह सैनी, चौधरी समरपाल सिंह, बूथ अध्यक्ष नसरीन, योगेश कुमार सक्सेना, नरेंद्र कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

महापौर दीपक बाली ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि काशीपुर की कोई भी सड़क अब अधूरी नहीं छोड़ी जाएगी और शहर को पूरी तरह गड्ढा मुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों में जनता से सहयोग की अपील की।
सफाई व्यवस्था पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि केवल प्रशासन के प्रयासों से शहर स्वच्छ नहीं बन सकता, इसके लिए जनता की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जिन शहरों की स्वच्छता और सुंदरता की मिसाल दी जाती है, वहां नागरिकों का सहयोग सबसे बड़ी ताकत होता है।

उन्होंने अंत में लोगों से आह्वान किया कि काशीपुर को साफ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए सभी मिलकर जिम्मेदारी निभाएं।
