
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित सत्येंद्र चंद्र गुड़िया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड लॉ कॉलेज के प्रांगण में छात्राओं के स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण टॉक शो का आयोजन किया गया।

“हेल्थ गाइड फॉर गर्ल्स” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में काशीपुर की प्रसिद्ध गायनोलॉजिस्ट डॉ. नवप्रीत कौर सहोता (सहोता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं रोबोटिक सेंटर) ने छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

संस्थान की प्राचार्य डॉ. निमिषा अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में यूजी, पीजी एवं विधि की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. सहोता ने आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में महिलाओं एवं युवतियों को स्वस्थ रहने के विभिन्न उपायों और आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही छात्राओं के सवालों के जवाब देते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि यह टॉक शो विशेष रूप से इनर व्हील क्लब काशीपुर के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय, सचिव डॉ. निमिषा अग्रवाल एवं मुख्य वक्ता डॉ. नवप्रीत कौर सहोता द्वारा मां सरस्वती एवं संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय गुड़िया जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

प्राचार्य ने यह भी बताया कि संस्थान की प्रबंध समिति समय-समय पर इस प्रकार के सेमिनार, वर्कशॉप एवं टॉक शो आयोजित करती रहती है, ताकि छात्राओं को स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवीन परिवर्तनों की जानकारी मिल सके और वे स्वयं को जागरूक एवं स्वस्थ रख सकें।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शिप्रा शर्मा द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।
