चैती मेले को एक सप्ताह बढ़ाने की मांग, महापौर दीपक बाली ने प्रशासन को लिखा पत्र

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने श्री चैती मेले की अवधि एक सप्ताह और बढ़ाने के संबंध में जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर को पत्र भेजा है, ताकि मेले में जुड़े व्यापारियों को हो रहे आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।

महापौर ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि श्री चैती मेला 19 मार्च से 17 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया गया था, लेकिन शुरुआती चार दिनों में हुई अत्यधिक बारिश के कारण मेले की गतिविधियां प्रभावित रहीं। इसके अतिरिक्त एलपीजी गैस से जुड़ी समस्याओं के चलते भी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, जिससे मेला परिसर में लगे झूले, मनोरंजन साधन संचालकों और अन्य व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा।

उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान समय में नगर क्षेत्र के लोग और किसान बड़ी संख्या में मेले में पहुंच रहे हैं। ऐसे में मेला अवधि बढ़ाने से व्यापारियों को राहत मिल सकती है और मेले में फिर से रौनक लौट सकती है।
महापौर ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि मेला अवधि को 18 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक बढ़ाने की अनुमति प्रदान की जाए। साथ ही उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि बढ़ाई गई अवधि के दौरान कार्यरत ठेकेदारों और एजेंसियों से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क न लिया जाए।
अब इस प्रस्ताव पर प्रशासन के निर्णय का इंतजार है। यदि अनुमति मिलती है, तो महापौर दीपक बाली के प्रयासों से चैती मेला एक बार फिर पूरे उत्साह और रौनक के साथ संचालित हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!