
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने एक बार फिर अपने काम से यह साबित कर दिया कि वे केवल अपील करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खुद मैदान में उतरकर उदाहरण भी पेश करते हैं। आज सुबह दिन निकलते ही महापौर अपने पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों, सहयोगियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और पर्यावरण मित्रों के साथ हाथ में झाड़ू लेकर वार्ड 38 क्षेत्र में मुरादाबाद रोड स्थित ढेला नदी के आसपास सफाई अभियान में जुट गए।

इस दौरान उन्होंने न सिर्फ सड़क पर झाड़ू लगाई, बल्कि ढेला नदी के किनारे फैली गंदगी को खुद पॉलिथीन बैग में भरकर हटाया। साफ-सफाई के बाद क्षेत्र में पाइप के तेज बहाव से धुलाई भी कराई गई, जिससे पूरा इलाका स्वच्छ नजर आया।

गौरतलब है कि नगर निगम काशीपुर द्वारा महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता कार्यक्रमों और विद्यालयों में बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने जैसे प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि नई पीढ़ी को “स्वच्छता सैनिक” के रूप में तैयार किया जा सके।
महापौर ने कहा कि शहर में स्वच्छता को लेकर जागरूकता तो बढ़ी है, लेकिन अभी काफी सुधार की जरूरत है।

उन्होंने संदेश देते हुए कहा, “जिस दिन कूड़ा फेंकने वालों से ज्यादा उसे रोकने वाले लोग हो जाएंगे, उस दिन काशीपुर सच में स्वच्छ और सुंदर बन जाएगा।”
उन्होंने लोगों से अपील की—“कूड़ा इधर-उधर न फेंके, काशीपुर भी आपका ही घर है। नगर निगम अकेले कुछ नहीं कर सकता, जनता के सहयोग से ही शहर को स्वच्छ बनाया जा सकता है।”

इस विशेष अभियान में सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, पार्षद पुष्कर बिष्ट, अब्दुल कादिर, अशोक सैनी, सतीश कुमार, प्रिंस बाली, संजय शर्मा, भाजपा जिला प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश चावला, वरिष्ठ भाजपा नेता ईश्वर चंद गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग और पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे।
