फर्जी नौकरी के नाम पर ठगी से सावधान: नगर निगम काशीपुर की जनता से अपील

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। नगर निगम काशीपुर ने शहरवासियों को फर्जी नियुक्ति के नाम पर हो रही ठगी से सतर्क रहने की महत्वपूर्ण सलाह दी है। निगम द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि कुछ संगठित गिरोह नगर निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से अवैध रूप से धन वसूल रहे हैं।

मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम स्तर पर इस प्रकार की किसी भी सीधी नियुक्ति का कोई प्रावधान नहीं है। सभी नियुक्तियां शासन स्तर से विधिवत विज्ञापन जारी होने के बाद ही की जाती हैं। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति या संस्था नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो वह पूरी तरह अवैध है।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे नौकरी से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए सीधे नगर निगम कार्यालय से संपर्क करें और किसी भी प्रकार की अवैध वसूली से बचें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने का अनुरोध किया गया है, ताकि ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

नगर आयुक्त ने विशेष रूप से युवाओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें और किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं।
यह पहल युवाओं को ठगी से बचाने और प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!