
@नवल खबर ब्यूरो
हल्द्वानी। दिनांक 18 अप्रैल 2026 को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हल्द्वानी में एक भव्य एवं विशाल महासम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परम पूजनीय स्वामी आनंद स्वरूप जी महाराज रहे, जिनका आयोजन स्थल पर भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में स्वामी जी ने ब्राह्मण समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए सभी से संगठित रहने और समाज हित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एकता ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है, जिससे सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक मूल्यों की रक्षा संभव है।

समारोह का सफल संचालन राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित विशाल शर्मा द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और प्रभावशाली ढंग से संचालित किया।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

सम्मानित होने वालों में काशीपुर से प्रदेश महामंत्री उमेश जोशी एडवोकेट, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रे, महानगर महिला अध्यक्ष श्रीमती लता शर्मा, युवा जिला अध्यक्ष पंडित शिवम शर्मा, महानगर सचिव संदीप चतुर्वेदी एडवोकेट, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रजनीश शर्मा, प्रदेश सचिव श्रीमती हौसला मिश्रा एवं जसपुर से यशपाल शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम में काशीपुर से भी भारी संख्या में ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने-अपने वाहनों से हल्द्वानी पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, एकता और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।
यह महासम्मेलन ब्राह्मण समाज की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति का एक प्रभावशाली उदाहरण बनकर उभरा।
