
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। भगवान परशुराम जी की जयंती के पावन अवसर पर अखिल ब्राह्मण उत्थान महासभा काशीपुर महानगर द्वारा गौतम नगर स्थित कलश मंडप में भव्य हवन-पूजन एवं श्रद्धा समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर भगवान परशुराम जी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पं. रमेश भट्ट द्वारा विधिवत हवन-पूजन संपन्न कराकर किया गया। इसके उपरांत ब्राह्मण बंधुओं ने भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया और श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए समारोह की शुरुआत की।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष पं. शैलेंद्र कुमार मिश्रा (एडवोकेट) ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार थे, जिन्होंने सदैव समाज कल्याण और धर्म की रक्षा के लिए कार्य किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

वहीं युवा विंग के जिलाध्यक्ष शिवम शर्मा ने भगवान परशुराम के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे सत्य, पराक्रम, न्याय और धर्म के प्रतीक हैं। भगवान शिव के अनन्य भक्त और ब्राह्मण कुल में जन्मे परम योद्धा परशुराम जी ने सदैव अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष किया। उनकी जयंती, जो अक्षय तृतीया के रूप में मनाई जाती है, हमें उनके शौर्य, ज्ञान और धर्मनिष्ठा को आत्मसात करने की प्रेरणा देती है।

अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए भगवान परशुराम के आदर्शों को समाज में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान महानगर अध्यक्ष पं. शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए परशुराम जयंती की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एक विशेष क्षण तब देखने को मिला जब पं. शैलेंद्र कुमार मिश्रा एवं पं. उमेश जोशी द्वारा पं. रजनीश शर्मा की रचित “ब्राह्मण” पुस्तक का विधिवत विमोचन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।

कार्यक्रम में महिला विंग की महानगर अध्यक्षा श्रीमती लता शर्मा, पं. उमेश जोशी, पं. संदीप चतुर्वेदी, पं. दीपिका गुड़िया आत्रेय, पं. मोहन चंद्र पपने, पं. प्रदीप जोशी, पं. विमल गुड़िया, पं. भास्कर त्यागी (एडवोकेट), पं. हौसला मिश्रा, पं. रजनीश शर्मा सहित महासभा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में ब्राह्मण बंधु उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी ने भगवान परशुराम जी का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रसाद ग्रहण किया और समाज में एकता, धर्म एवं न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया
