
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। शहर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महापौर दीपक बाली ने आज अल्ली खां चौक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम अधिकारियों, पार्षदों एवं स्थानीय जनसमुदाय के समक्ष यहां 135 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, सांसद प्रतिनिधि एवं पार्षद विजय कुमार बॉबी, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा सहित नगर निगम के निर्माण विभाग के अधिकारी और कई पार्षद मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि उनकी मंशा है कि अल्ली खां चौक को भी शहर के अन्य मुख्य चौराहों की तरह विकसित करते हुए यहां भव्य तिरंगा लगाया जाए, जिससे क्षेत्र की पहचान और गौरव दोनों बढ़ें।

महापौर के इस प्रस्ताव का सभी पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने स्वागत करते हुए उनकी पहल की सराहना की। इसके बाद उन्होंने मेहंदी मिलाप चौक का भी निरीक्षण किया और वहां भी सौंदर्यीकरण की योजना पर जोर दिया।
महापौर दीपक बाली ने बताया कि तिरंगा स्थापना के लिए विशेषज्ञ टीम को एक सप्ताह के भीतर बुलाया जाएगा और प्रयास रहेगा कि आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के अवसर पर इस चौक पर देश की आन-बान-शान तिरंगा शान से लहराए।

नगर निगम बोर्ड के नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस पार्षद राशिद फारुकी ने महापौर के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हैं और यहां तिरंगा लगना सभी के लिए गर्व का विषय होगा। कांग्रेस पार्षद अब्दुल कादिर ने भी इस पहल को सराहनीय बताया।

इस अवसर पर भाजपा जिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकेश चावला, पार्षद वैशाली गुप्ता, सादिक हुसैन, सतीश शर्मा, रियाज, मोनिष, आशी, नईम सिद्दीकी, इरफान गुड्डू, पुष्कर बिष्ट, नौशाद हुसैन, मोहम्मद आरिफ, बीना नेगी, प्रकाश नेगी, फिरोज हुसैन, शहजाद राय, चौधरी समरपाल सिंह, मनीष चावला सहित अल्ली खां क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
