स्वच्छता की ओर बढ़ता काशीपुर: स्कूलों में जागरूकता अभियान से बच्चों को मिला 6-बिन सेग्रीगेशन का संदेश

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर | 20 अप्रैल 2026 नगर निगम काशीपुर द्वारा संचालित स्कूल जागरूकता अभियान के तहत आज शहर के विभिन्न विद्यालयों—जीबी पंत इंटर कॉलेज, जीपीएस खालसा, जीपीएस कुमाऊँ कॉलोनी, जीयूपीएस मानपुर, जीपीएस मानपुर एवं जीयूपीएस कुमाऊँ कॉलोनी—में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।

इन सत्रों के दौरान नगर निगम की टीम ने छात्र-छात्राओं को 6-बिन कचरा सेग्रीगेशन प्रणाली के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि किस प्रकार अलग-अलग प्रकार के कचरे को सही डिब्बों में डालकर न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखा जा सकता है, बल्कि रीसाइक्लिंग प्रक्रिया को भी प्रभावी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए टीम ने विभिन्न गतिविधियों और खेलों का आयोजन किया, जिनके माध्यम से बच्चों को व्यवहारिक रूप से कचरा पृथक्करण की प्रक्रिया सिखाई गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी समझ को मजबूत किया।

इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें स्वच्छता वॉरियर स्टिकर्स एवं ब्रोशर्स वितरित किए गए, ताकि वे इस संदेश को अपने घरों तक पहुंचाकर परिवार और समाज को भी जागरूक कर सकें।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और उन्हें एक जागरूक नागरिक के रूप में तैयार करना है, ताकि वे भविष्य में समाज को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!