
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और जागरूक बनाने की दिशा में नगर निगम काशीपुर के प्रयास अब जनभागीदारी का रूप लेते दिख रहे हैं। महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में बीती रात ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल द्रोणा सागर पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

इस विशेष कार्यक्रम का मूल उद्देश्य था—“बुद्धिमान व्यक्ति मलीनता का त्याग कर स्वच्छता को अपनाता है।” दीपोत्सव में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया और दीप जलाकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। दीपों की रोशनी ने न केवल द्रोणा सागर को आलोकित किया, बल्कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश भी फैलाया।

महापौर दीपक बाली द्वारा शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उनके निर्देशन में नगर निगम द्वारा स्कूलों में बच्चों को जागरूक करने, नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से संदेश देने, रैलियों और अन्य कार्यक्रमों के जरिए आमजन को जोड़ने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इन्हीं प्रयासों की कड़ी में यह दीपोत्सव कार्यक्रम एक सशक्त पहल बनकर सामने आया।

कार्यक्रम से पूर्व नगर निगम की टीम ने सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट के नेतृत्व में द्रोणा सागर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्थल को स्वच्छ और आकर्षक बनाया।
इस अवसर पर पार्षद कुलदीप शर्मा, अनिल कुमार, रवि प्रजापति, वैशाली गुप्ता, अनीता कांबोज, मयंक मेहता, प्रिंस बाली, शिवांश गोले, पुष्कर सिंह बिष्ट सहित भाजपा नेता ईश्वर चंद्र गुप्ता, राजीव अरोरा, बच्चू, संजय भाटिया, जसवीर सिंह सैनी, चौधरी समरपाल सिंह, मुकेश पाहवा, सुखविंदर सिंह सुक्खा, प्रकाश नेगी, शशिकांत गुप्ता, गौरव गुप्ता, गुरनाम सिंह, योगेश बिश्नोई, अमित शर्मा एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

दीपोत्सव के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट हुआ कि यदि हर नागरिक स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझे, तो काशीपुर भी देश के स्वच्छ शहरों की सूची में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सकता है।
