
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित सत्येंद्र चंद्र गुड़िया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड लॉ कॉलेज (एस.सी. गुड़िया आईएमटी) के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। संस्थान के बीकॉम ऑनर्स द्वितीय सेमेस्टर के छात्र अथर्व चौधरी एवं निष्कर्ष चौधरी का चयन वुडबॉल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड टीम में हुआ है।
संस्थान की प्राचार्य डॉ. निमिषा अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि Woodball Federation of India के तत्वावधान में 14 से 17 मई 2026 तक रायपुर, छत्तीसगढ़ में 20वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला एवं पुरुष वुडबॉल प्रतियोगिता तथा 14वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक-बालिका प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें अथर्व और निष्कर्ष उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

दोनों खिलाड़ी 13 मई को रुद्रपुर से प्रदेश टीम के साथ छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होंगे। संस्थान के छात्रों की यह उपलब्धि न केवल कॉलेज बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।
इस अवसर पर संस्थान की चेयरमैन श्रीमती विमला गुड़िया, निदेशक मंडल, प्राचार्य, शिक्षक एवं समस्त स्टाफ ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है।
संस्थान के छात्र लगातार शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
