
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। चन्द्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर के बी.एड. विभाग द्वारा विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक विचारोत्तेजक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रही पर्यावरणीय समस्याओं पर गंभीर विचार-विमर्श करना रहा।
सेमिनार में बी.एड. की छात्राओं ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। हितांशी ने जल संरक्षण, रिया ने प्लास्टिक प्रदूषण, नाजिया ने ग्लोबल वार्मिंग, तथा निरूपमा ने ई-कचरा प्रबंधन जैसे ज्वलंत मुद्दों पर प्रकाश डाला। इसके अलावा इकरा और जान्हवी ने भी पृथ्वी दिवस के महत्व पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में खुशी गुप्ता ने अपनी

प्रभावशाली कविता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, जिसे सभी ने सराहा।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्या एवं विभागाध्यक्ष ने छात्राओं के विचारों की प्रशंसा करते हुए उन्हें पर्यावरण के प्रति सजग रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बी.एड. विभाग के सभी प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे।
यह सेमिनार न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि सभी प्रतिभागियों को पृथ्वी के संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित करने वाला भी सिद्ध हुआ।
